सोलन। नगर परिषद सोलन शहर को कूड़ेदान मुक्त करने का दावा कर रही है। नगर परिषद ने शहर की परिधि में रखे सभी 50 कूड़ेदान हटा लिए हैं। अब नप घर से कूड़ा एकत्र कर उसे सीधे गाड़ी से डंपिंग साइट तक पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा मालरोड और बाजार में दिन में दो बार नगर परिषद की गाड़ी कूड़ा उठाने के लिए पहुंच रही है। नगर परिषद ने सबसे पहले मालरोड को कूड़ेदान से मुक्त किया।
अब इसका दायरा बढ़ाकर पूरे शहर को योजना में शामिल कर लिया। नगर परिषद शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों में ड्रम लगाने की योजना तैयार की है। इसके तहत एक महीने के अंदर लोगों को सुविधा दी जाएगी। नगर परिषद ने सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पहले मालरोड को डस्टबिन फ्री करने के बाद शहर को डस्टबिन फ्री कर दिया। शहर में 50 कूड़ेदान लगाए थे जिससे सफाई व्यवस्था बिगड़ रही थी। सारा कचरा सड़क पर ही पड़ा रहता था। इससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ चुका था। शहर से एकत्र कूड़े को सलोगड़ा में सेग्रिगेशन (पृथक) के बाद शिमला भेजा जा रहा है।
मालरोड, गंज बाजार, अपर बाजार में लगेंगे छोटे ड्रम
वेस्ट मेटिरियल को डालने के लिए लोगों को आ रही समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद मालरोड, गंज बाजार, अपर बाजार, चौक बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में 50-50 मीटर की दूरी पर छोटे ड्रम लगाएगी। इससे लोगों को दिन के समय वेस्ट मैटीरियल फेंकने में कोई परेशानी नहीं होगी।
वार्डों में लगे कर्मचारी उठा रहे कूड़ा
शहर के 15 वार्डों में डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन के लिए 100 कर्मचारी कूड़ा एकत्र कर रहे हैं। जो सुबह के समय लोगों के घर-द्वार से कूड़ा एकत्र कर रहे हैं। कूड़ा डालने के लिए कर्मचारियों को गीले और सूखे कूड़े के लिए थैले दिए हैं।
30 सफाई कर्मचारियों की होगी नियुक्ति : वर्मा
नगर परिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर कर्मचंद वर्मा ने बताया कि नगर परिषद आचार संहिता हटने के बाद करीब 30 सफाई कर्मचारियों कर नियुक्ति करेगी। इससे लोगों की समस्या हल होगी। वहीं सफाई कर्मचारियों को भी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा।