बद्दी (सोलन)। एशिया की 35 फीसदी दवाओं का निर्यात करने वाले फार्मा हब बीबीएन सहित प्रदेश के दवा उद्यमियों को कच्चा माल बल्क ड्रग पार्क मुहैया करवाएगा। औद्योगिक हब बीबीएन के तहत मौजा डाडी हरनाम गागूवाल, निक्कूवाल, मंडयारपुर और बेला में 663.11 बीघा भूमि का चयन बल्क ड्रग पार्क के लिए कर लिया गया है। इसके लिए राजस्व विभाग के डिप्टी सेक्रेटरी प्रवीण कुमार टॉक की ओर से मंजूरी पत्र भी मिल चुका है। जल्द ही यहां पर बल्क ड्रग पार्क बनेगा। इसी बल्क ड्रग पार्क की प्रोमोशन के लिए बद्दी में सेमीनार का आयोजन किया गया। अभी दवाओं के लिए कच्चा माल विदेशों से मंगवाया जाता है। इससे जहां दवाएं महंगे दामों पर बिकती हैं वहीं उद्योगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। लेकिन बीबीएन में बल्क ड्रग पार्क स्थापित होने से इन तमाम परेशानियों से राहत मिल जाएगी।
चीन से आता 80 फीसदी कच्चा माल
उद्योगों को अपने उत्पाद बनाने के लिए रॉ मैटेरियल की आवश्यकता होती है और करीब 80 फीसदी रॉ मैटेरियल चीन से आयात किया जाता है। ऐसे में जहां निर्माण लागत बढ़ जाती है वहीं फार्मा उद्योगों को रॉ मैटेरियल के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ती है। ऐसे में फार्मा हब बीबीएन के उद्योगपतियों को रॉ मैटेरियल बीबीएन में ही मुहैया करवाने के दृष्टिगत बल्क ड्रग पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इससे उद्योगपतियों को यहीं कच्चा माल मुहैया करवाया जाएगा। इस व्यवस्था से फार्मा जगत में रॉ मैटेरियल की भी कोई कमी नहीं रहेगी और कच्चा माल आयात करने की जरूरत नहीं रहेगी।
दवा उद्योगों को होगा फायदा : गोयल
हिमाचल दवा निर्माता संघ के प्रदेशाध्यक्ष एमबी गोयल ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क के लिए जमीन का चयन हो गया है। बल्क ड्रग पार्क फार्मा उद्योग के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा और इसकी प्रोमोशन के लिए बददी में सेमीनार का आयोजन किया गया था। इसमें उद्योगपतियों को इसकी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।