संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। ऊपरला नंगल गांव के एक पांच वर्षीय बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बालक को दो दिन पहले पेंसिल से चोट लगी थी। इसके बाद उसके शरीर में संक्रमण फैल गया। उपचार के लिए जब उसे नालागढ़ अस्पताल लाया गया तो वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार नंगल ऊपरला के पांच वर्षीय बच्चे को दो मई के दिन स्कूल में पेंसिल से बाजू पर चोट लगी थी। इसके बाद निजी क्लीनिक में उसका उपचार करवाया और उसे टेटनस का टीका भी लगाया। तीन जून को उसके शरीर पर काले धब्बे पड़ने शुरू हो गए थे।
उसके बाद उसे उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल लाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई शक जाहिर नहीं किया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया जिसमें चिकित्सकों ने मौत का कारण संक्रमण बताया। पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस जांच कर रही है।