सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में अब हड्डियों के रोगियों को आपरेशन के लिए शिमला या फिर चंडीगढ़ के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अस्पताल में ऑर्थो विभाग का आपरेशन थियेटर शुरू हो गया है। शनिवार को नवनिर्मित आपरेशन थियेटर में हवन का आयोजन किया गया। ओटी में आधुनिक तरीके की सी-आर्म मशीन स्थापित की है। इस मशीन के स्थापित होने से हड्डियों के मरीजों को अब आपरेशन के लिए चंडीगढ़, शिमला या फिर निजी क्लीनिकों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
वर्तमान में जिले के सबसे बड़े अस्पताल होने के बाद भी यहां पर लोगों को हड्डियों से संबंधित आपरेशन की सुविधा नहीं मिल रही थी। इसके चलते रोगियों को शिमला, चंडीगढ़ या फिर निजी क्लीनिकों का रुख करना पड़ रहा था। यह लोगों की जेब में भारी पड़ रहा है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में जिला सोलन, सिरमौर सहित शिमला के लोग इलाज करवाने के लिए आते हैं। अस्पताल में रोजाना हजारों की संख्या में ओपीडी लगती है। इसमें काफी संख्या हड्डियों से संबंधित रोगी भी होते हैं। लेकिन इन्हें यहां सिर्फ चेकअप और दवाईयां देकर घर भेज दिया जाता था, या फिर आपरेशन वाले मामले चंडीगढ़ या फिर शिमला के लिए रेफर किए जाते थे।
आपातकाल में एकदम से मिलेगी सेवा
जिला सोलन में रोजना एक या दो केस सड़क दुर्घटनाओं में हड्डियों के फैक्चर के होते हैं। ऐसे में ओटी की सुविधा शुरू होने से रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी। पूर्व में घायलों को चंडीगढ़ या फिर शिमला ही रेफर किया जाता था। लेकिन अब आपरेशन की सुविधा मिलने से आपातकाल के दौरान हड्डियों से संबंधित फैक्चर के आपरेशन की सुविधा उन्हें एकदम से मिल जाएगी। सोलन अस्पताल में दो ऑर्थो के डाक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कालका-शिमला नेशनल हाईवे होने के कारण यहां रोजाना दुर्घटनाओं के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसे में अस्पताल में ओटी सख्त जरूरत थी।
अब जल्द होंगे आपरेशन : महेश गुप्ता
क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेश गुप्ता ने बताया कि ऑर्थो आपरेशन थियेटर में ऑपरेशन से संबंधित सभी मशीनें और अन्य उपकरण स्थापित कर दिए हैं। इसका शनिवार को पूजा अर्चना और हवन कर शुभारंभ कर दिया गया है। जल्द ही लोगों को अब इसकी सुविधा भी मिलनी शुरू हो जाएगी। रोगियों को अब शिमला या फिर चंडीगढ़ के चक्कर काटने की भी कोई जरूरत नहीं पड़ेगी।