सोलन के ठोडो मैदान में जिला सोलन क्रिक्रेट टीम के लिए ट्रायल देतीं खिलाड़ी। संवाद
55 खिलाड़ियों ने दिया क्रिकेट टीम के लिए ट्रायल
प्रैक्टिस में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 15 खिलाड़ियों को मिलेगा मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ठोडो मैदान में जिला स्तरीय वन-डे क्रिकेट टीम के चयन के लिए ट्रायल में 55 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें युवा और युवतियां दोनों शामिल रहीं। ट्रायल के बाद 38 खिलाड़ियों का चयन किया गया। इनमें 18 युवा और 20 युवतियां शामिल हैं। चयनित खिलाड़ियों के प्रैक्टिस मैच होंगे। इनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 15 खिलाड़ियों को वन-डे प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा।
जिला सोलन क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को ठोडो मैदान में अंडर-23 पुरुष और सीनियर महिला वन-डे क्रिकेट टीम के लिए ट्रायल हुए। इसमें 30 युवाओं और 25 युवतियों ने हिस्सा लिया। युवाओं के ट्रायल सुबह 10 बजे से शुरू हुए। इनमें 15 बल्लेबाज, 8 तेज गेंदबाज, 5 स्पिन गेंदबाज और 3 ऑलराउंडर खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई। इनमें से 18 खिलाड़ियों का चयन टीम के लिए किया गया।
सीनियर महिला टीम के लिए 25 युवतियों ने ट्रायल दिया। इनमें 7 तेज गेंदबाज, 5 स्पिन गेंदबाज और 13 बल्लेबाज शामिल थीं। ट्रायल के बाद 20 खिलाड़ियों का चयन किया गया। जिला सोलन क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीप शर्मा ने बताया कि युवाओं की टीम के कुछ खिलाड़ियों को अंडर-19 टीम में भी खेलने का अवसर दिया जाएगा। अंडर-19 प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद इन्हीं खिलाड़ियों को अंडर-23 टीम में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अंडर-19 युवाओं की वन-डे प्रतियोगिता 10 मई से ऊना में आयोजित होगी। इसके बाद अंडर-23 मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं सीनियर महिला टीम में चयनित अधिकांश खिलाड़ी अंडर-19 और अंडर-20 वर्ग से संबंधित हैं। महिला टीम के मुकाबले 15 मई से ऊना में आयोजित किए जाएंगे।