राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भागीदारी अनिवार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेश के निशानेबाजों का महाकुंभ वीरवार से शिमला और कैथलीघाट में शुरू हो गया है। हिमाचल प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित की जा रही 31वीं हिमाचल प्रदेश राज्य निशानेबाजी चैंपियनशिप में राज्यभर के राइफल, पिस्टल और शॉटगन निशानेबाज अपनी प्रतिभा और दमखम दिखा रहे हैं। यह प्रतियोगिता आगामी 14 जुलाई तक चलेगी।
एसोसिएशन के महासचिव ईश्वर रोहल ने बताया कि 10 मीटर राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाएं 8 से 13 जुलाई तक इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, शिमला में आयोजित की जा रही हैं। शॉटगन और अन्य राइफल, पिस्टल्स स्पर्धाएं 9 से 13 जुलाई तक कैथलीघाट शूटिंग रेंज में शॉटगन, 25 मीटर पिस्टल, 50 मीटर पिस्टल तथा 50 मीटर राइफल के कड़े मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता का समापन और पदक वितरण समारोह 14 जुलाई को दोपहर 3:00 बजे इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, शिमला में होगा। महासचिव ने स्पष्ट किया कि नॉर्थ ज़ोन, प्री-नेशनल और राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप-2026 में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेना अनिवार्य है। इस बार प्रतियोगिता में केवल व्यक्तिगत स्पर्धाओं का ही आयोजन किया जा रहा है और सभी खिलाड़ियों का पंजीकरण एनआरएआई की ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से किया गया है। प्रतियोगिता सीनियर, जूनियर, यूथ, सब-यूथ, मास्टर्स, सीनियर मास्टर्स, सुपर मास्टर्स तथा अंडर-12 वर्ग करवाई जा रही है।