नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ की मेहता कॉलोनी में अस्थायी निर्माण पर नोटिस की समयावधि खत्म होने के बाद कार्रवाई कर इसे तोड़ दिया गया। कुछ दुकानदारों और लोगों ने खुद निर्माण तोड़ दिया लेकिन जो निर्माण रह गया था, उसे नगर परिषद की टीम ने कार्रवाई कर तुड़वा दिया। शुक्रवार को प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार हेमचंद कश्यप, पुलिस थाना नालागढ़ प्रभारी राजकुमार वर्मा, नगर परिषद के जेई शरीफ मोहम्मद, सर्वेयर बलजीत राणा, कानूनगो व पटवारी सहित टीम पुलिस बल के साथ नालागढ़-रोपड़ मार्ग पर करीब 3:30 बजे पहुंची।
यहां कार्रवाई शुरू की गई। टीम ने सबसे पहले दुकानों के आगे निर्मित शेडों, सीढ़ियों सहित अन्य निर्माण तोड़ने का काम किया। इसके बाद यह टीम मेहता कॉलोनी में पहुंची जहां नोटिस के बावजूद निर्माण न तुड़वाने पर कई भवन तोड़े गए। प्रशासन के आदेशों पर नगर परिषद ने ऐसे 28 लोगों को नोटिस देकर पहले 24 घंटे और बाद में छह घंटे का अतिरिक्त समय दिया था। इसकी अवधि शुक्रवार शाम 3:00 बजे पूरी हो चुकी थी।
कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। लोग भी एकत्रित हो गए लेकिन कार्रवाई लगातार जारी रही। अस्थायी निर्माण तुड़वाने की कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने कहा कि नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद शुक्रवार शाम को कार्रवाई कर अस्थायी निर्माण को तुड़वा दिया गया। हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन की कार्रवाई जारी है।