सोलन। जिलेभर में मंगलवार देररात से हुई बारिश के बाद 25 मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं विभिन्न विभागों को करीब 10.11 करोड़ रुपये का नुकसान हो गया है। जिले में दर्जन घरों को जिला प्रशासन की ओर से खतरे को देखते हुए खाली करवा दिया है। भूस्खलन के कारण 157 सड़कें बंद पड़ी हुई हैं। जिला प्रशासन समेत विभिन्न विभागों की टीमें लोगों को सुविधा देने के लिए कार्य कर रही हैं। सड़कें बंद होने के कारण पथ परिवहन सोलन, नालागढ़ और परवाणू के 102 रूट प्रभावित हैं।
इसी के साथ जिले के नयानगर में एक मकान की छत टूट गई है। वहीं देवठी के शतल गांव में दो मकान ढह गए। सुबाथू के थड़ी में पानी का तेज बहाव से कारें ढांक की ओर लटक गई। इसी के साथ सड़क पर मलबा पानी के साथ बहा कर आ गया। जिससे घरों को खतरा मंडरा रहा है। जिले में अभी तक 300 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। इस कारण करीब 427 गांव में बिजली आपूर्ति ठप रही। हालांकि इन ट्रांसफार्मर को सुचारू करने के लिए टीमें लगी रहीं और बुधवार देर रात तक अधिकतर ट्रांसफार्मर सुचारू किए गए। वहीं जिले में 74 पेयजल स्कीमें बंद हो गई हैं। नालागढ़ में पेयजल स्कीम का पंप हाउस में लगा मोटर तेज बहाव में बह गया। बारिश के कारण जिले में 2.70 करोड़ रुपये का नुकसान हो गया है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को 4.90 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है। इसमें सबसे अधिक नुकसान लोनिवि अर्की मंडल को हुआ है। लोनिवि अर्की को 2.15 करोड़, सोलन को 80 लाख और नालागढ़ मंडल को भी 80 लाख रुपये की चपत लगी है। लोनिवि की टीमें सड़कें खोलने का प्रयास कर रही हैं। इसमें 86 सड़कों को देर शाम तक खाेला गया है।
इनसेट
जाबल झमरोट पंचायत के रिंवी में गिरा मकान
कुनिहार(सोलन)। बारिश के चलते देररात जाबल झमरोट के रिंवी गांव में एक मकान गिर गया। गनीमत रही कि इस मकान के अंदर सो रहे मकान मालिक सिकंदर भारद्वाज बाल-बाल बच गए। इनके मकान में कुछ दिनों पहले हुई बारिश से मकान में दरारें आ गई थीं। इसे देखते हुए परिवार ने यह मकान खाली कर दिया था। लेकिन मकान मालिक सिकंदर भारद्वाज अभी भी पुश्तैनी मकान में सो रहे थे। मकान गिरने की आवाज सुनते ही साथ के मकान में सो रहे सभी परिवार के सदस्य और पड़ोसी भय के कारण सहम गए। संवाद
इनसेट
नवगांव में गाोशाला ढही, चार गायों की मौत
दाड़लाघाट (सोलन)। ग्राम पंचायत नवगांव के गोदन गांव में मंगलवार रात हुई बारिश के कारण पशुशाला की जमीन धंसने से ढह गई। इससे गोशाला के अंदर बंधी चार गायों की दबकर मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह करीब 6:00 बजे हुई। पंचायत प्रधान नवगांव कृष्ण देव गौतम ने घटनास्थल पर पहुंच कर पटवारी और पशुपालन विभाग को सूचना दी। पटवार वृत्त चाखड़ के पटवारी कुलदीप शर्मा ने पीडि़त परिवार को 10,000 रुपये की फौरी तौर पर राहत राशि दी। संवाद
इनसेट
नयानगर में धंसी सड़क, कई भवनों को किया असुरक्षित
सुबाथू (सोलन)। सैन्य क्षेत्र सुबाथू के नयानगर और रडियाना गांव में बारिश से काफी नुकसान हुआ है। नयानगर में कई भवनों को असुरक्षित घोषित किया गया है। वहीं सुबाथू से धर्मपुर जाने वाली सड़क भी सेना की गैस एजेंसी के नजदीक पूरी तरह से धंस गई है। इसके बाद से यहां मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ा है। बुधवार को बारिश में एसडीएम सोलन कविता ठाकुर ने थड़ी गांव का जायजा लिया और असुरक्षित भवनों में रहने वाले करीब 28 लोगों को छात्र स्कूल सुबाथू में शिफ्ट किया। संवाद
इनसेट
क्लीन में भूस्खलन, ट्रैक पर गिरे पेड़
सोलन। शहर के क्लीन वार्ड में पहाड़ी से अधिक मात्रा में भूस्खलन हो गया। इससे कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिर गए। गनीमत यह है कि अभी कालका-शिमला विश्व धरोहर ट्रैक पूरी तरह से बंद है। वहीं क्लीन वार्ड में कई जगह अधिक पानी भी एकत्र हो गया है। इससे लोगों को आने जाने में काफी दिक्कतें आ रही है।
इनसेट
कंडाघाट-चायल में रौनक गायब
चायल (सोलन)। कंडाघाट-चायल में कई सड़कें बंद रहने के कारण रौनक गायब रही। यहां पर चायल से सोलन वाया झाझा मार्ग, डैम साइड से बिशा मार्ग, कल्होग स्कूल से बाशा मार्ग, चायल से डुबलू सहित कई मार्ग भूस्खलन से अवरूद्ध हो गए हैं।
इनसेट
भारी वर्षा से जिलेभर में कई घर, नेशनल हाईवे और सड़कें क्षतिग्रस्त हुई है। लोगों से आग्रह नदी, नालों के किनारे न जाएं, सुरक्षित रहें, सतर्क रहें। संकट की स्थिति में 1077 पर संपर्क करें।
मनमोहन शर्मा, उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण