बद्दी (सोलन)। औद्योगिक हब बीबीएन में उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर की छापेमारी की गाज तीन उद्योगों पर गिरनी तय मानी जा रही है। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद उद्योग मंत्री द्वारा कड़ी कार्रवाई की गई है और तीन उद्योगों का रिकार्ड जब्त किया है। इस पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। बताया जाता है कि जल्द ही विभाग इन उद्योगों को नोटिस जारी करेगा।
उद्योग मंत्री ने एक दर्जन से अधिक उद्योगों का निरीक्षण किया था। उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर की स्पेशल छापेमारी में बीबीएन के तीन उद्योगों का रिकार्ड जब्त किया गया है। इसमें प्रदूषण और श्रम विभाग से जुड़े नियमों में अनियमितताओं की शिकायतें हैं। जल्द ही प्रदूषण और श्रम विभाग तीनों उद्योगों को नोटिस जारी कर इस बारे जवाब मागेंगे। उद्योग मंत्री ने इस दौरान शिवालिक सॉलिड दभोटा और सीईटीपी केंदूवाल का भी औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली जानी थी। यहां भी सैंपल भरे गए हैं।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बद्दी के एक्सईएन अविनाश शारदा ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बीबीएन के तीन उद्योगों का रिकार्ड जब्त किया है। सरकार को की गई शिकायतों और उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर की अगुवाई में यह रिकार्ड जब्त किया है। विभाग ने रिकार्ड जब्त करके जांच शुरू कर दी है और जल्द ही इन उद्योगों को नोटिस जारी होंगे। श्रम अधिकारी मनीष करोल ने कहा कि श्रम विभाग ने उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर के औचक निरीक्षण के दौरान तीन उद्योगों का रिकार्ड जब्त करके जांच शुरू कर दी है। अनियमितताओं के चलते इन उद्योगों को नोटिस जारी कर जवाबदेही मांगी जाएगी।