नालागढ़ (सोलन)। चंगर क्षेत्र के डेढ़ दर्जन गांवों के हजारों बाशिंदों को पल्ली खड्ड पर बना नया पुल राहत देगा। करीब 20 गांवों के लोग अब इस पुल से पल्ली खड्ड को पार करेंगे। नवांनगर और अंबवाला के बीच पल्ली खड्ड पर पुल निर्माण होने से नालागढ़ उपमंडल के चंगर क्षेत्र के 20 गांवों के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। पहली बार बन रहे पुल से लोगों की चिर लंबित मांग पूरी होने जा रही है।
इस बार की बरसात में पल्ली खड्ड को पार करने के लिए पुल राहत पहुंचाएगा। इससे लोग आसानी से आ जा सकेंगे। 1.72 करोड़ की लागत से बन रहे पुल का 95 फीसदी काम पूरा हो गया है। विभाग के मुताबिक इसकी रेलिंग और टारिंग का पांच फीसदी काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इस बरसात में यह पुल यातायात के लिए खुल जाएगा। यह पुल खासतौर पर बरसात में दिक्कत झेलने वाले करीब डेढ़ दर्जन गांवों के ग्रामीणों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचाएगा।
उपमंडल के पल्ली खड्ड पर पहली बार पुल निर्माण हो रहा है। पल्ली खड्ड पर बनने वाले सिंगल लेन 41.50 मीटर स्पेन पुल से अंबवाला, गुरदासपुरा, चनौबरी, वैद्य का जोहड़, रतवाड़ी, खाला, करोड़ा सहित करीब 20 गांवों के छह हजार लोग लाभान्वित होंगे। पुल के अभाव में इन गांवों के लोगों को, खास तौर पर, बरसात के मौसम में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
एसडीओ लोनिवि नालागढ़ मंडल राजकुमार शर्मा ने कहा कि पुल को रेलिंग और टारिंग का शेष पांच फीसदी काम पूरा कर यातायात के लिए सुचारु रूप से खोल दिया जाएगा।