नालागढ़ (सोलन)। स्वास्थ्य खंड नालागढ़ के तहत बीबीएन में डेंगू के रोगियों की संख्या 41 हो गई है। इनमें नए 9 मरीज डेंगू के डिटेक्ट हुए हैं। नालागढ़ में एलीजा विधि से 19 टेस्टों में से 5, बद्दी अस्पताल में 36 टेस्टों में से 5 मरीज डेंगू के पाए गए हैं।
नालागढ़ में डेंगू के 12 और बद्दी में डेंगू के 29 मामले प्रकाश में आ चुके हैं। इनमें नालागढ़ क्षेत्र के दभोटा, बिलासपुर, सैणीमाजरा, थाना और बद्दी में शहरी क्षेत्र के अलावा आसपास और पड़ोसी राज्य हरियाणा के मामले शामिल हैं। बीते वर्ष भी बीबीएन में कई मामले डेंगू के प्रकाश में आए थे और उससे पूर्व भी डेंगू ने बीबीएन में लोगों को अपना मरीज बनाया था। 8 हेल्थ टीमों के 40 सदस्य लोगों में जागरूकता लाने के लिए क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। डेंगू की रोकथाम के लिए टास्क फोर्स का भी गठन किया गया है। उपमंडल प्रशासन ने भी एक कमेटी का गठन किया है, जो लोगों को डेंगू से बचने के बारे जागरूक कर रही है। बीएमओ नालागढ़ डॉ. केडी जस्सल ने कहा कि स्वास्थ्य खंड नालागढ़ के तहत नौ नए मरीज डेंगू के पॉजीटिव पाए गए हैं। 41 मरीज डेंगू के डिटेक्ट हुए हैं और प्रतिदिन इनकी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को आगामी कार्रवाई के लिए प्रेषित की जा रही है।