अर्की (सोलन)। नगर पंचायत अर्की में अध्यक्ष पद के लिए माहौल गरमाने लगा है। इसी के चलते मंगलवार को 5 पार्षदों ने पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास पत्र एसडीएम अर्की को सौंपा। गौर रहे कि पिछले कई दिनों से अर्की में अध्यक्ष पद के लिए घमासान मचा हुआ है। इसके चलते अब पांच पार्षद अध्यक्ष के खिलाफ खड़े हो गए हैं। एसडीएम अर्की ने पार्षदों द्वारा दिए गए अविश्वास पत्र को स्वीकार कर लिया है। नगर पंचायत अर्की में कुल 7 पार्षद हैं। इनमें से 4 पार्षद कांग्रेस के हैं, जबकि तीन भाजपा समर्थित हैं। नगर पंचायत के 5 पार्षद जिसमें वार्ड नंबर 1 से बालक राम, 3 से प्रदीप कुमार, 4 से आशा कुमारी और वार्ड नंबर 7 से नानक चंद ने बताया कि वे वार्ड नंबर 5 से अध्यक्ष बनीं सावित्री गुप्ता के साथ कार्य करने में असमर्थ हैं। इसके चलते उन्होंने एसडीएम को अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दिया है। एसडीएम को अविश्वास प्रस्ताव देने के लिए कार्यालय में चार ही पार्षद पहुंचे। नानक चंद इस मौके पर मौजूद नहीं रहे। गौर रहे कि अर्की में चुनाव के बाद दो कांग्रेसी महिलाओं ने अध्यक्ष पद की दावेदारी पेश की थी, जिनके बीच पहले ढाई वर्ष सावित्री गुप्ता और अगले ढाई साल वीना ठाकुर अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने का समझौता हुआ था। 20 जुलाई को यह अवधि समाप्त हो गई है। 8 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के अर्की दौरे के दौरान भी चर्चा हुई थी। इसके बाद सावित्री गुप्ता ने त्यागपत्र देने की सहमति जताई थी, लेकिन 8 दिन बीत जाने के बाद भी जब अध्यक्ष सावित्री गुप्ता ने त्यागपत्र नहीं दिया तो इन पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है।
एसडीएम छवि नांटा ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव स्वीकार कर लिया गया है। डीसी सोलन को भेज दिया जाएगा। इस पर आगामी कार्रवाई जिला प्रशासन की ओर से की जाएगी।