अर्की (सोलन)। बागा सीमेंट कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मजदूरों ने मोरचा खोल दिया है। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन जबरन बांड भरवा रहा है। शुक्रवार को मजदूरों ने दो घंटे तक कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उपमंडल अर्की के लाल झंडा सीमेंट प्लांट वर्कर यूनियन बागा (संबंधित सीटू) ने कंपनी पर तानाशाही रवैये का आरोप लगाया। यूनियन के महासचिव बलबीर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि अल्ट्राटेक मैनेजमेंट मजदूरों को गुमराह करके वेतन वृद्धि का लालच देकर एक बांड पर हस्ताक्षर करवा रहा है। यह मजदूरों को गुमराह करने की कोशिश है।
यूनियन की तरफ से कंपनी को मांगपत्र दिया गया है, उस मांगपत्र पर बात न कर कंपनी अपनी मनमर्जी से बांड लेकर आ गई है। इसमें कंपनी 2018 में 3000 रुपये और 2019 तथा 2020 में 1500-1500 रुपये बढ़ाने की बात कर रही है। कंपनी के अधिकारी विभागों में जाकर एक-एक कर्मचारी से जबरदस्ती हस्ताक्षर करवाना चाहते हैं ताकि 2021 तक मजदूर अपनी आर्थिक मांग न करें। इस निर्णय का कर्मचारी और यूनियन ने कड़े शब्दों में विरोध किया है। यूनियन का कहना है कि बिना हस्ताक्षर किए कंपनी अगर कोई वेतन बढ़ोतरी करती है तो उन्हें मंजूर है लेकिन कोई भी कर्मचारी बांड पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे। यदि कोई कंपनी के झांसे में आकर हस्ताक्षर करता है तो यूनियन की कोई भी जवाबदेही नहीं होगी।
यूनियन से संजय ने कहा कि कंपनी मांगपत्र पर बात करें और उसको लागू करें। अल्ट्राटेक कंपनी सीएमए की सदस्य हैं तो वह वेज बोर्ड के नियम को क्यों नहीं मानती। कंपनी वेज बोर्ड के तहत मिलने वाला वेतन और सुविधाएं मजदूरों को प्रदान करें। यूनियन ने बघेरी प्लांट जोकि अल्ट्राटेक की ही यूनिट है और बागा प्लांट से ही संचालित होती है। बाघेरी मैनेजमेंट ने प्लांट के यूनियन पदाधिकारियों को कुछ दिन पहले निष्कासित कर दिया है। लाल झंडा सीमेंट प्लांट वर्कर यूनियन बाघेरी के साथियों के साथ है। कंपनी प्रबंधन को जताना चाहती है कि यदि इन कर्मचारियों को जल्दी नौकरी पर वापस नहीं बुलाया तो दोनों प्लांटों में उग्र आंदोलन किया जाएगा। कंपनी बिना यूनियन को विश्वास में लेकर इस तरह का कोई फैसला न लें। बैठक में 700 लोगों ने भाग लिया और सबने कंपनी द्वारा लाए नए नियमों का विरोध किया। बैठक में महासचिव बलबीर, सहसचिव तिलकराज, लालमन भाटिया, धर्मेंद्र, पवन, संजय, मदन सिंह, बृजलाल, लालमन, शेर सिंह, प्रवीण कुमार, हेमराज सहित कार्यकारिणी सदस्य और कंपनी के मजदूरों ने भाग लिया।