अमर उजाला ब्यूरो
अर्की (सोलन)। क्षेत्र में पानी की बर्बादी करने वाले लोगों के खिलाफ आईपीएच विभाग कार्रवाई करेगा। विभाग पानी का कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई भी कर सकता है। आईपीएच विभाग ने अर्की क्षेत्र में लोगों से गाड़ी धोने, सिंचाई और निर्माण कार्य में पेयजल का प्रयोग न करने को कहा है। यदि ऐसा करते कोई भी व्यक्ति पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।
जानकारी के अनुसार गर्मियों में पेयजल योजनाओं में जल स्तर घट जाता है जिसके कारण लोगों को पीने के लिए भी पर्याप्त पानी सप्लाई नहीं होता। इसे लेकर अब आईपीएच ने ये निर्देश दिए हैं।
आईपीएच विभाग अर्की के सहायक अभियंता कुलदीप गुप्ता ने बताया कि यदि कोई भी उपभोक्ता गाड़ी धोने, सिंचाई करते, निर्माण कार्य करते या किसी अन्य कार्य में पानी को बर्बाद करता पाया तो उसका कनेक्शन बिना कोई सूचना दिए तुरंत प्रभाव से काट दिया जाएगा। इसके बाद बरसात के मौसम में दोबारा कनेक्शन दिया जाएगा।