सोलन में बारिश से परिवहन निगम के 60 रूट बंद
सड़कों पर मलबा गिरने के कारण जगह-जगह फंसी रही निगम की बसें
यातायात प्रभावित होने से लोगों को झेलनी पड़ी मुश्किलें
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। भारी बारिश होने के कारण सोमवार को सोलन में यातायात सुविधाएं पूरी तरह से प्रभावित हो गईं। एचआरटीसी के सभी रूट बंद रहे। आलम यह रहा कि सड़कों पर गिरे मलबे के कारण सोलन डिपो की करीब 60 बसें रूटों पर फंसी रही। सोमवार को दोपहर बाद तक भी इन रूटों को वाहनों के लिए सुचारु नहीं किया जा सका। लोकल रूटों पर बसों के न चलने से आम लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार को जिला भर में हुई तेज बारिश ने सभी सड़कों की हालत बिगड़ने के चलते एचआरटीसी की बसें अपने रूटों पर ही फंसी रहीं। सभी मार्गों को जल्द सुचारु करने में लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी दिन भर सड़क मार्ग को ठीक करने मेेें जुटे रहे। सोलन में बारिश के कारण यातायात सुविधाएं पूरी तरह से प्रभावित रहीं। एचआरटीसी के सोलन डिपो के तहत लोकल रूटों पर अधिकतर जगहों पर निगम की बसें फंसी रहीं। बताया जा रहा है कि सोमवार को दोपहर बाद तक प्रभावित रूटों को खोला नहीं जा सका था। सोलन डिपो के तहत अर्की, कुनिहार, कुठाड़, सुबाथु, कंडाघाट, चंडी-गोयला, दाड़लाघाट, राजगढ़, धर्मपुर क्षेत्रों में बसों को आधे रास्तों में ही रुकना पड़ा।
लोगों को आने-जाने में हुई परेशानियां
बारिश के चलते जगह-जगह सड़कों पर भूस्खलन के कारण आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार को जिला के अधिकतर क्षेत्रों में लोगों को यातायात सुविधाएं नहीं मिल पाई। पूरा दिन सड़क मार्गों के बंद रहे जिस कारण लोगों की रोजमर्रा की वस्तुएं उन्हें नहीं मिल पाई। बारिश से जहां लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं एचआरटीसी को बारिश के चलते लाखों का नुकसान झेलना पड़ा।
मलबा गिरने से फंसी हैं बसें : धीमान
एचआरटीसी सोलन के आरएम सुरेश धीमान ने बताया कि सोमवार को तेज बारिश से निगम के सभी रूट प्रभावित रहे। जगह-जगह पर मलबा गिरने के कारण रूटों पर निगम की बसें भी फंसी रहीं। लोक निर्माण विभाग मार्गों को खोल रहा है।