अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। एक सप्ताह में लक्कड़ डिपो पुल बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए खुल जाएगा। बद्दी और बरोटीवाला को जोड़ने वाला लक्कड़ डिपो पुल पिछले वर्ष की बरसात में दरक गया था। इसके बाद यहां नए 8.41 करोड़ की लागत से 132 मीटर लंबा और 9.50 मीटर चौड़ा पुल का निर्माण किया जा रहा है जो मार्च 2020 में पूर्ण होगा। इसी पुल की बरोटीवाला की ओर एक अबेडमेंट (पुल के किनारे वाली दीवार को मिट्टी के भीतर डालने) का काम शेष रह गया है जो एक सप्ताह में पूर्ण कर लिया जाएगा।
इसके बाद यह पुल बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए खुल जाएगा। विभाग का कहना है कि बरसात से नए व पुराने पुल को किसी भी प्रकार का नुकसान न हो, इसके लिए नए पुल की अबेडमेंट का काम किया जा रहा है। फिलहाल पुराने पुल पर छोट वाहनों की आवाजाही हो रही है लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए नदी के बीच से वैकल्पिक मार्ग निकाला गया है जो बरसात में बंद हो जाएगा। विभाग का प्रयास है कि अबेडमेंट का काम पूरा कर पुराने पुल को बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जाएगा।
बद्दी-बरोटीवाला को जोड़ने वाले बालद नदी का लक्कड़ डिपो पुल पिछली बरसात में दरक गया था जिससे उद्योगों को परेशानी झेलनी पड़ी थी। वहीं आम लोगों को भी गंतव्य तक पहुंचने में कई किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करने को बाध्य होना पड़ा था। नए पुल का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चला हुआ है। पुराने पुल को भी बरसात से पहले बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जाएगा।
एसडीओ लोनिवि नीरज पुरी ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर पुल के एक हिस्से में किए जाने वाले कार्य को मुकम्मल कर दिया जाएगा। इसके बाद पुराना पुल बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
उधर, एक्सईएन लोनिवि संजीव अग्निहोत्री ने कहा कि नए पुल का निर्माण कार्य जोरों पर जारी है। निर्धारित अवधि में यह पुल बनकर तैयार हो जाएगा।