अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शूलिनी मेले में भंडारा और मिठाई की दुकानों पर घरेलू गैस सिलिंडर का जमकर प्रयोग किया जा रहा है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के नियमों की सरेआम अवहेलना हो रही है। विभाग भी कोई कार्रवाई अमल में नहीं ला रहा है। ऐसे में लोगों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
घरेलू गैस सिलिंडर का इस्तेमाल करने पर मौके पर सिलिंडर जब्त करने के निर्देश हवा होते जा रहे हैं। शहर में तीन दिवसीय मेले में भंडारे और खाद्य पदार्थों के स्टाल में धड़ल्ले से घरेलू गैस सिलिंडरों को उपयोग किया जा रहा है।मिठाई की दुकानों और ढाबों पर भी घरेलू गैस सिलिंडरों को जमकर इस्तेमाल किया जा रहा है।
जिला खाद्य एंव आपूर्ति नियंत्रक मिलाप शांडिल ने बताया कि मेले के दौरान घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग करने पर प्रतिबंध है। उन्होंने बताया कि यदि कोई घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग करता पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए खाद्य निरीक्षकों को कड़े निर्देश दिए हैं।