अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऑटो चालकों ने अपनी मनमानी शूलिनी मेले के दौरान भी जारी है। पहले मनमाने ढंग से किराया बढ़ाने के बाद अब ऑटो चालक पांच-पांच सवारियां ढो रहे हैं। ऑटो चालक जनता को लूट रहे हैं जबकि प्रशासन व परिवहन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। एक ऑटो में तीन प्लस एक सवारियां बिठाई जा सकती हैं जबकि ऑटो चालक पांच से छह सवारियां भर रहे हैं। यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार इन दिनों सोलन शहर में मां शूलिनी का मेला लगा हुआ है। स्थानीय और बाहरी राज्यों से हजारों की संख्या में लोग मां शूलिनी के दर्शन को सोलन पहुंच रहे हैं। शहर में पार्किंग का अभाव होने के कारण लोग अपने वाहन एनएच किनारे खड़े कर शहर में आने के लिए ऑटो ले रहे हैं लेकिन ऑटो चालक उनसे ज्यादा किराया वसूल कर ठूंस-ठूंस कर ढो रहे हैं।
मेले से कुछ दिन पहले ही अपनी मर्जी से बढ़ाया था किराया
शहर में ऑटो यूनियन ककाफी समय से जिला प्रशासन से शहर में ऑटो का किराया बढ़ाने की मांग कर रही थी। जिला प्रशासन ने ऑटो किराया बढ़ाने की कोई अधिसूचना जारी नहीं की थी। इसके बाद ऑटो चालकों ने मनमर्जी कर ऑटो किराया बढ़ा दिया था। इसके बाद प्रशासन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। इन दिनों शहर के चंबाघाट से सोलन, शामती से ओल्ड डीसी चौक, बाईपास के क्षेत्र में चल रहे ऑटो चालक पांच से छह सवारियां ऑटो में बिठा रहे हैं।
ऑटो चालकों पर जल्द होगी कार्रवाई
आरटीओ सोलन सुरेश कुमार ने बताया कि ऑटो चालकों मनमर्जी की शिकायत उन्हें मिली है जिस पर विभाग कार्रवाई की जा रही है। यदि ऑटो चालक तीन से अधिक सवारियां ऑटो में बिठाते हुए पाया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऑटो में ओवरलोडिंग कर जनता की जान से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।