भराड़ीघाट-दाड़लाघाट एनएच पर गड्ढों की जांच पर पांच दिन का अल्टीमेटम
बिलासपुर के अधिवक्ता ने उपायुक्त सोलन को सौंपा ज्ञापन, कहा- कार्रवाई न हुई तो करेंगे चक्का जाम
कहा, एनएचएआई के गैरजिम्मेवार अधिकारियों पर हो कानूनी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। हिमाचल के एक बड़े भूभाग को प्रदेश की राजधानी से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे की खस्ता हालत को लेकर न्यायिक जांच की मांग उठने लगी है। जांच की मांग कर रहे बिलासपुर के अधिवक्ता ने पांच दिन में कोई आदेश जारी न होने पर भराड़ीघाट में चक्का जाम करने की धमकी दी है। जिला एवं सत्र न्यायालय बिलासपुर में बतौर अधिवक्ता कार्य कर रहे रजनीश शर्मा ने सोमवार को उपायुक्त सोलन को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि राजघाटी, नलाग, भराड़ीघाट, चमाकड़ीपुल, दाड़लाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत बदतर अज्ञैर गड्ढों की वजह से जानलेवा बनी हुई है। सड़क के बीचोंबीच काफी बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं जिससे भारी वाहनों सहित छोटे वाहन चालक को हर समय खतरा बना हुआ है। आए दिन दुर्घटना और हादसे हो रहे हैं लेकिन विभागीय अधिकारी सरकारी कार्य निभाने में कोताही बरत रहे हैं। उन्होंने एसडीएम अर्की के माध्यम से भी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधीकरण के अधिकारियों को जल्द लोगों की सुरक्षा में की गई गैरजिम्मेदारी हरकत पर कार्रवाई करने के लिए आवेदन किया था। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आम जनता व पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कोई भी उचित कदम नहीं उठाया है जो संवेदनशील विषय पर उनकी गैर जिम्मेदार रवैये को दर्शा रहा है। आलम यह है कि भराड़ीघाट से पहले क्यारड़ा मोड़ के पास से पुली धंस चुकी है जिससे यह मोड़ खतरनाक और जानलेवा बन गया है। इसके अलावा खतरनाक गड्ढों पर न्यायिक जांच करवाई जाए जिससे भविष्य में सरकारी व जन सुरक्षा के कार्य में कोताही बरतने वाले निष्क्रिय अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा पुलिस को उक्त विभाग के अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए जाएं जिससे गैर जिम्मेदार अधिकारियों पर लोगों की सुरक्षा में खिलवाड़ करने पर कार्रवाई हो सके।
मामले की जांच की जाएगी : उपायुक्त
उपायुक्त विनोद कुमार ने बताया कि इस संबंध में उन्हें शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच होगी। इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आते हैं, उसी आधार पर आगामी कार्रवाई होगी।