फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोलन में प्रथम प्रधानमंत्री की लाचार प्रतिमा पर हार चढ़ा गए कांग्रेसी

विज्ञापन
विज्ञापन
प्रथम प्रधानमंत्री की खंडित प्रतिमा पर हार चढ़ाकर चले बनें कांग्रेस जन
विज्ञापन

सोलन में बाल दिवस पर चिल्ड्रन पार्क में लगी नेहरू की प्रतिमा पर हार चढ़ाने की औपचारिकता निभाई
नौ माह तक फूल न उतारने को लेकर भी कुछ महीने पहले सुर्खियों में रही थी प्रतिमा
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर की धड़कन चिल्ड्रन पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को याद करने पहुंचे कांग्रेसी खंडित प्रतिमा पर माला चढ़ाकर चलते बने। जवाहर लाल नेहरू की यह प्रतिमा पिछले कई सालों से धीरे-धीरे टूट रही है। प्रतिमा के मुंह पर काफी बड़ी दरार आ चुकी है और चेहरे का एक हिस्सा खंडित हो गया है। देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन से पूर्व कांग्रेस के पदाधिकारियों या नगर परिषद ने इस प्रतिमा की कोई टोह नहीं ली। लेकिन बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता चिल्ड्रन पार्क पहुंचकर प्रतिमा को फूल चढ़ाकर चलते बने। सोलन शहर के चिल्ड्रन पार्क में जवाहर लाल नेहरू की एक प्रतिमा स्थापित है। इस प्रतिमा की देखरेख न होने की वजह से प्रतिमा का मुंह खराब हो गया है। मुंह का प्लास्टर उखड़ रहा है और एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। जवाहर लाल नेहरू का नमन करने पहुंचे कांग्रेसी इस बात के लिए नगर परिषद को कोसते रहे लेकिन एक भी कार्यकर्ता या पदाधिकारी ने अपने स्तर पर प्रतिमा को दुरुस्त करवाने की हामी नहीं भरी। चबूतरे में भी दरारें आनी शुरू हो चुकी हैं जिसको सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
कुछ माह पूर्व यह प्रतिमा गले-सड़े हार की वजह से चर्चा में आई थी। प्रतिमा पर पिछले साल बाल दिवस के मौके पर डाले गए हार को नौ महीने तक नहीं हटाया गया था जिससे ये सूख चुके थे। इस मामले के मीडिया में आने के बाद प्रतिमा के गले से हार तो उतार दिए लेकिन इसकी बिगड़ती सूरत को सुधारने का काम पूरा नहीं हो पाया।
विज्ञापन

हाउस में चर्चा करेगी नगर परिषद : ठाकुर
सोलन नगर परिषद के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि पार्क में लगी प्रतिमा काफी साल पुरानी है। उन्होंने बताया कि हर मौसम की मार झेल कर प्रतिमा की हालत खराब हुई है। इसे बदलने का विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर परिषद हाउस की बैठक में प्रतिमा को बदलने पर विचार करेगी और बजट का प्रबंध हुआ तो इसे बदल दिया जाएगा।
विज्ञापन

नई प्रतिमा स्थापित करेंगे : कांग्रेस कमेटी
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राहुल ठाकुर का कहना है कि प्रतिमा की जर्जर हालत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इसमें सुधार के लिए कांग्रेस कमेटी कदम उठाएगी। प्रतिमा को बदला जाएगा और यहां नई प्रतिमा जल्द ही स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रतिमा की उचित देखरेख के लिए कांग्रेस कमेटी विचार करेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें