सोलन। शहर के युवा अब मुफ्त में अपना शरीर गठीला बना पाएंगे। नगर परिषद शहर के लोगों को यह सुविधा मुहैया करवाएगी। युवा ही नहीं अन्य आयु वर्ग के लोग भी यहां फ्री में कसरत कर सकेंगे। लोगों के लिए जवाहर पार्क में करीब पांच लाख रुपये की लागत से नगर परिषद ओपन जिम का निर्माण करवाएगी। इस जिम के लिए ढाई लाख रुपये सांसद निधि से खर्च होंगे। शेष ढाई लाख रुपये नगर परिषद अध्यक्ष अपनी ऐच्छिक निधि से देंगे।
ओपन जिम में आठ प्रकार की मशीनें स्थापित की जाएंगी। सभी आयु वर्ग के लोग मुफ्त में इनका इस्तेमाल कर पाएंगे। यह जानकारी नगर परिषद सोलन के मनोनीत पार्षद भरत साहनी ने दी। उन्होंने बताया कि यह सोलन जिला में पहला प्रयोग है। जिम में लगी मशीनरी जमीन में चार फीट नीचे तक गाढ़ी जाएगी ताकि कोई भी मशीनरी को चुराकर न ले जा सके। इसके अलावा जो कंपनी जिम स्थापित करेगी उसके साथ छह माह का अनुबंध किया जाएगा। इस अवधि के दौरान कंपनी ही जिम का रखरखाव करेगी। उन्होंने बताया कि विवा लिमिटेड कंपनी जो समूचे उत्तर भारत समेत अन्य जगहों पर ओपन जिम स्थापित कर रही है से ही यहां भी जिम स्थापित करवाने का प्रयास किया जा रहा है। करीब एक से डेढ़ माह में जिम का काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जवाहर पार्क में शौचालय की तरफ खाली पड़ी जगह पर इसका निर्माण होगा। इस जिम के स्थापित होने से सुबह की सैर पर आने वालों को काफी सुविधा होगी। लोग शाम के वक्त भी यहां आकर कसरत कर सकते हैं। ऐसे लोग जो महंगे जिम में नहीं जा सकते यहां आकर अपनी हसरत पूरी कर सकते हैं। ओपन जिम की स्थापना के बाद पूरे शहर में एक सिलसिला चलाया जाएगा और सभी पार्कों में ऐसे जिम खोले जाएंगे।