अर्की (सोलन)।
कशलोग पंचायत के समाणा गांव में चल रही होली कप लीग क्रिकेट प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में 20 टीमों ने भाग लिया। ये प्रतियोगिता 15 दिन तक चली। इसका आयोजन आजाद युवा क्लब समाणा की तरफ से किया गया।
समापन समारोह में पंचायत समिति कुनिहार के उपाध्यक्ष जगदीश ठाकुर ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की। फाइनल मुकाबला आर्यन ब्वॉयज सरयांज और जालपा इलेवन के बीच हुआ। जालपा इलेवन ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी की। उसने 12 ओवरों में 71 रन बनाए। इसके बाद आर्यन ब्वॉयज की टीम की सधी हुई शुरुआत की। उसने 11 ओवर में 72 रन बनाकर प्रतियोगिता अपने नाम की। मुख्यातिथि जगदीश ठाकुर ने सभी खिलाड़ियों को अच्छा खेल खेलने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विजेता टीम को 11 हजार रुपये एवं ट्रॉफी दी। उपविजेता टीम जालपा इलेवन क्लब को 5100 रुपये एवं ट्रॉफी दी गई।
आर्यन ब्वॉयज के बल्लेबाज मनीष को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। इसी टीम के संजू को मैन ऑफ द मैच चुना गया। जगदीश ठाकुर ने अपनी तरफ से 2100 रुपये दिए। इस दौरान पंचायत समिति पारनु-चाखड के सदस्य हीरालाल ठाकुर भी विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। समापन समारोह में सुधार सभा दाड़लाघाट के सचिव प्रेम केशव, ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के पूर्व उप प्रधान राजेश गुप्ता, मस्तराम, आयोजक चंद्रेश कुमार, मनोज, धुनी चंद, मनीष कुमार सहित क्लब के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।