सोलन। जिला में भाषा अध्यापकों के 12 पदों पर बैच आधार पर भर्ती के लिए काउंसिलिंग 19 से 24 अक्तूबर तक उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा के कार्यालय में होगी। यह जानकारी उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा रोशन जसवाल ने दी। उन्होंने कहा कि काउंसिलिंग के लिए पात्र अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजे जा रहे हैं।
यदि किसी पात्र उम्मीदवार का नाम रोजगार कार्यालय से छूट गया हो तो अपने नजदीकी रोजगार कार्यालय से 15 अक्तूबर तक अपना नाम इस कार्यालय को भेज सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाषा अध्यापक के लिए सामान्य श्रेणी के लिए वर्ष 2004 तक के बैच, अनुसूचित जाति व बीपीएल के लिए वर्ष 2004 तक के बैच, अन्य पिछड़ा वर्ग के वर्ष 2015 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए वर्ष 2007 तक के बैच के लिए काउंसिलिंग की जाएगी।
उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा ने कहा कि यदि किसी उम्मीदवार को बुलावा पत्र नहीं मिलता है तो वे कार्यालय की वेबसाइट देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार को काउंसिलिंग के समय अपने साथ अधिकृत सक्षम अधिकारी से जारी आवश्यक योग्यता प्रमाण पत्र, अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जन जाति/अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, हिमाचली प्रमाण पत्र, नवीनतम पासपोर्ट आकार फोटो, रोजागर कार्यालय में पंजीकरण का पत्र और चरित्र प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा।