प्रेसवार्ता- सचित्र
नाहन के विधायक अजय सोलंकी करेंगे इस कार्यक्रम का शुभारंभ
मीडिया से रूबरू हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन युवा महोत्सव समूह-1 की मेजबानी करेगा। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर कॉलेज में व्यापक तैयारियां चली हुईं हैं। ये बात नाहन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने शनिवार को कॉलेज में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही।
प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष 13 से 15 अक्तूबर तक डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के युवा महोत्सव समूह-1 की मेजबानी करने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव महाविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी कला, प्रतिभा और सृजनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे। इसमें भाषण, रंगोली, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी समेत 11 इवेंट शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 50 से 60 कॉलेज के 500 से 600 प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम का आगाज 13 अक्तूबर को सुबह 10:00 बजे नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी करेंगे, जबकि समापन समारोह में 15 अक्तूबर को शाम 3:00 बजे उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान मुख्यातिथि रहेंगे।
उन्होंने बताया कि जो भी प्रतिभागी और उनके साथ स्टाफ आएगा उनके ठहरने की व्यवस्था नाहन में की जा रही है। नाहन से कॉलेज के लिए बस की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि अधिकतर टीमें नाहन में 12 अक्तूबर को नाहन पहुंच जाएंगी।
-संवाद