हरियाणा पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है मृतक युवक के परिजन और साथी
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। कालाअंब (हरियाणा) क्षेत्र में तंबाकू उत्पाद कंपनी में ददाहू के तीन युवकों के साथ हुई मारपीट और एक युवक की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक युवक के परिजन और साथी हरियाणा पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। लिहाजा वीरवार को ददाहू में आक्रोश रैली निकाली जाएगी।
रैली के माध्यम से स्थानीय प्रशासन से हस्तक्षेप करवाकर हरियाणा पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। दरअसल, 2 जनवरी को हरियाणा क्षेत्र के कालाअंब में तंबाकू इकाई में कार्यरत ददाहू के तीन युवकों के साथ मालिकों की ओर से मारपीट की गई थी। तीनों युवा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनमें से एक युवक लखनपाल (22) की 4 जनवरी को चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई।
हालांकि तंबाकू इकाई (गोदाम) के दो मालिकों को गिरफ्तार करके उन्हें पुलिस रिमांड पर ले लिया है, लेकिन इस कार्रवाई से मृतक के परिजन और उसके युवा साथी संतुष्ट नहीं है। मृतक के युवा साथी मोहित चौहान ने बताया कि हरियाणा पुलिस की कार्रवाई से खफा होकर 8 जनवरी को मृतक के गृह क्षेत्र ददाहू में आक्रोश रैली निकालने और मृतक के परिजनों को न्याय दिलवाने का फैसला लिया है।
संवाद