पांवटा नगर परिषद क्षेत्र के वार्डों की मतदाता सूचियों में कथित अनियमिताएं सामने आई हैं। नप के वार्ड नंबर 8 के लगभग 200 से अधिक मत त्रुटि के चलते वार्ड नंबर-4 में बन जाने से इलाके के मतदाता असमंजस में है, इसे देखकर लोगों में उहापोह बना हुआ है।
नगर परिषद उपाध्यक्ष तेजपाल सिंह सहित करीब आधा दर्जन पार्षदों ने बुधवार को एसडीएम पांवटा व मतदाता सूची पुनरीक्षण अधिकारी एचएस राणा के समक्ष आपत्ति दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा है कि विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही के कारण मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। इससे निष्पक्ष व निर्विवाद चुनाव करना संभव नहीं होंगे। बता दें कि मतदाता सूचियों के निरीक्षण के दौरान सूचियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां पाई गई हैं। शहर के बीचों- बीच बसें वार्ड में बड़ी गड़बड़ी पाई गई है। इसमें 200 के करीब मतदाताओं को वार्ड 8 की सूची से हटाकर वार्ड 4 में दिखाया गया है। जबकि वार्ड नंबर-4 व वार्ड-8 की बूथ की दूरी लगभग 2 किमी से अधिक है। ऐसे में मतदाताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
नगर परिषद उपाध्यक्ष तेजपाल सिंह, पार्षद कर्मवीर सिंह, जगदीश गर्ग, हरवींद्र कौर, संगीता देवी, प्रदीप कुमार, राजेंद्र सिंह, पूर्व पार्षद राजनंद शर्मा ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने बंद कमरे में बैठकर मतदाता सूची तैयार की है जिसके कारण ऐसी खामियां नजर आ रही हैं।
जांच के आदेश दे दिए हैं : एसडीएम
उधर, पूछे जाने पर एसडीएम पांवटा एचएस राणा ने बताया कि उन्हें इस बारे में शिकायत मिली है। मामले में जांच कर कार्रवाई के आदेश दे दिए गए हैं।