-स्वास्थ्य, आजीविका और डिजिटल जागरूकता पर होंगे सत्र
-अंतिम दिन वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की होगी विस्तृत जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। आस्था स्पेशल स्कूल नाहन में वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से छह दिवसीय विशेष कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन आईएएस अधिकारी द्विज गोयल ने किया।
यह कार्यशाला विभाग की ओर से चलाए जा रहे प्रोटेक्टिव एजिंग कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य, आजीविका और सामाजिक सशक्तीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाना है, ताकि वे समाज में सक्रिय और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
जिला कल्याण अधिकारी जीएस नेगी ने बताया कि कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों की ओर से विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटाइजेशन, बैंक फ्रॉड से बचाव, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी तथा आजीविका के अवसरों के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते डिजिटल दौर में वरिष्ठ नागरिकों को ऑनलाइन ठगी और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाने के लिए विशेष सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यशाला के पहले दिन आस्था स्कूल नाहन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए मेडिटेशन और योग सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मानसिक तनाव से दूर रहने के उपाय बताए। उन्होंने बताया कि कार्यशाला के अंतिम दिन सभी प्रतिभागी वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की विस्तृत जांच भी करवाई जाएगी। साथ ही उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, विशेषज्ञ प्रशिक्षक, आस्था वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। संवाद
आस्था स्पेशल स्कूल नाहन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यातिथि जिला परियोजना अधिकारी द्विज गोयल सम