विश्व विज्ञान दिवस पर राजकीय उच्च विद्यालय मलगांव में हुई विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। राजकीय उच्च विद्यालय मलगांव में विश्व विज्ञान दिवस बड़े हर्ष और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को इस अवसर पर विज्ञान संबंधी पोस्टर, मॉडल एवं चार्ट से सजाया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह वैज्ञानिक भावना से ओत-प्रोत हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के कार्यवाहक मुख्याध्यापक संदीप कुमार के संबोधन से की गई। उन्होंने कहा कि विज्ञान मानव जीवन का अभिन्न अंग है और विद्यार्थियों को हमेशा नई खोजों एवं तकनीकी विकास के साथ स्वयं को अद्यतन रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन का आधार है।
इस अवसर पर विद्यालय में हाउस-वाइस विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका संचालन विज्ञान शिक्षक आशीष कुमार शर्मा ने कुशलतापूर्वक किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के सभी तीनों ग्रीन हाउस, ब्लू हाउस और येलो हाउस ने भाग लिया। प्रत्येक हाउस से सीनियर विंग और जूनियर विंग की चयनित विद्यार्थियों की टीमों ने भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान एवं गणित से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी ज्ञान क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता अत्यंत रोचक और ज्ञानवर्धक रही। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी तत्परता और वैज्ञानिक समझ का परिचय दिया। प्रतियोगिता में सीनियर विंग में ग्रीन हाउस ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जिसमें कक्षा नौवीं से तनवी तथा कक्षा दसवीं से कृष्ण दत्त ने भाग लिया। जबकि जूनियर विंग में भी ग्रीन हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसमें कक्षा छटी से आंशिका, कक्षा सातवीं से आरती ठाकुर और कक्षा आठवीं से रिंकल ने भाग लिया।
कार्यवाहक मुख्याध्यापक ने विजेता टीम को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।