निर्माणाधीन आईटीआई भवन से गिरने से मजदूर की मौत
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। उपमंडल पच्छाद के सराहां में निर्माणाधीन आईटीआई भवन की पहली मंजिल से धरातल पर गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान नरेश कुमार (37) निवासी लालता पापड़ा, रेशम माजरी उत्तराखंड के रूप में हुई है। पच्छाद पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार शाम मृतक नरेश कुमार निर्माणाधीन आईटीआई भवन में काम कर रहा था। उसके अन्य साथी काम खत्म कर घर चले गए, जबकि वह देर सायं तक काम करता रहा। बताया जा रहा है कि नरेश कुमार रात को नशे का सेवन करता था। रात के समय वह पहली मंजिल से धरातल पर गिर गया।
उसे सुबह आईटीआई भवन के धरातल पर मृत हालत में पाया गया। मृतक के मुंह और सिर में गंभीर चोटें लगीं थीं। जबकि रीढ़ की हड्डी और टांग भी टूटी हुई थी। साथी कामगारों को सुबह जब घटना का पता चला तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।
थाना प्रभारी भागीरथ शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस छानबीन में जुट गई है।
...संवाद