राशन डिपो में 14 आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाने की मांग
रोजगार, न्यूनतम मजदूरी और पोषण योजनाओं को मजबूत करने पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भूख और कुपोषण के मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की जिला सिरमौर कमेटी ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। समिति ने आम जनता, महिलाओं और गरीब परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
समिति ने कहा कि खाद्य पदार्थों, सब्जियों, खाद्य तेल, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से गरीब परिवारों का बजट बिगड़ रहा है। बेरोजगारी, कम मजदूरी और महंगी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के कारण लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। इसका प्रतिकूल असर महिलाओं और बच्चों के पोषण पर भी पड़ रहा है।
ज्ञापन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को मजबूत करने और राशन डिपो के माध्यम से घी, सूजी, सूखे मेवे, मसाले और सरसों के तेल सहित 14 आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाने की मांग की गई। समिति ने आंगनवाड़ी, मातृ पोषण और बाल पोषण योजनाओं का विस्तार करने के साथ ही डिजिटल सत्यापन और आधार संबंधी प्रक्रियाओं के कारण पात्र लाभार्थियों को होने वाली परेशानियों को दूर करने पर भी जोर दिया।
समिति ने रोजगार के अवसर बढ़ाने, न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि करने और मनरेगा को पूरी क्षमता से संचालित करने की मांग की। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य और सार्वजनिक परिवहन को सस्ता बनाने, महिलाओं को कम ब्याज पर संस्थागत ऋण उपलब्ध करवाने तथा कर्ज वसूली के नाम पर होने वाले उत्पीड़न पर रोक लगाने की अपील की।
समिति पदाधिकारियों ने सरकार से गरीब और मेहनतकश परिवारों की खाद्य एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर अमरा देवी, बीना देवी सहित समिति की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।