-बिहार निवासी महिला माजरा में पति के साथ रह रही थी
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब/धौलाकुआं (सिरमौर)। माजरा क्षेत्र में एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले गए। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल नाहन के लिए रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना माजरा को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ने सूचना दी कि नया गांव माजरा से एक महिला गुड़िया देवी पत्नी मुकेश कुमार निवासी गांव गली, पटना (बिहार) जो यहां गांव नया, माजरा में रह रही थी ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज एवं नाहन के लिए रेफर कर दिया। नाहन ले जाते समय महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। शुरुआती जांच में किसी भी प्रकार के चोट के निशान सामने नहीं आए हैं।
मृतका के पति मुकेश का बयान भी पुलिस ने ले लिया है। उसने अपने बयान में बताया कि पत्नी गुड़िया देवी ने गुस्से मे आकर जहर खा लिया था। इसे किसी पर कोई शक नहीं है। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
संवाद