-पोंटिका पुलिया के पास हादसा, देहरादून अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
माजरा पुलिस ने स्कूटी चालक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब/धौलाकुआं (सिरमौर)। पुलिस थाना माजरा के तहत एनएच-07 पर पोंटिका पुलिया के समीप एक स्कूटी ने प्रवासी महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद गंभीर हालत में महिला को पांवटा साहिब सिविल अस्पताल से देहरादून रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत में प्रेम चंद निवासी इटारी, जिला सीतापुर, उत्तर प्रदेश ने बताया कि 22 अगस्त की सुबह वह अपनी बेटी सोनी के साथ पोंटिका पुलिया के पास हाईवे पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान नाहन की ओर से पांवटा साहिब की तरफ आ रही स्कूटी चालक महिला ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सोनी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सोनी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले गए, जहां से गंभीर हालत के चलते देहरादून रेफर कर दिया गया। परिजन उसे देहरादून ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। माजरा पुलिस ने सैनवाला-सलानी निवासी स्कूटी चालक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।