आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने बिना बिल का लाखों का सामान कालाअंब बैरियर के समीप पकड़ा और दो फर्मों पर 1.69 लाख रुपये का जुर्माना ठोका। आबकारी एवं कराधान विभाग की छापामारी टीम में ईटीओ अजय राठोर, ईटीओ प्रेम कायथ के अलावा ईटीआई कुलदीप भारद्वाज मौजूद थे।
टीम ने बुधवार रात करीब 10 बजे एक सरिए से लदे ट्रक को कालाअंब बैरियर पर रोका। सरिया प्रदेश से बाहर जा रहा था। जब ट्रक में लदे सरिए का बिल मांगा गया तो मौके पर ट्रक में बैठे कंपनी के अधिकारी बिल उपलब्ध नहीं करवा सके।
इसी दौरान राशन से भरी हुई एक पिकअप प्रदेश के बाहर से कालाअंब पहुंच रही थी। पिकअप चालक के पास भी लोड सामान का कोई बिल नहीं था। दोनों वाहनों में लोड सामान का आंकलन किया गया जो 6.80 लाख का निकला।
टीम ने दोनों वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1.69 लाख का जुर्माना ठोका। आबकारी एवं कराधान आयुक्त विनोद कुमार कश्यप ने बताया कि टीम ने छापेमारी के दौरान दो वाहनों से बिना बिल के पकड़े गए सामान पर 1.69 लाख जुर्माना किया। विभाग की टीम आगे भी जांच जारी रखेगी।