एक्सक्लूसिव
हिमाचल, हरियाणा की दो कंपनियों के नाम वाले
शराब की बोतलों के हजारों लेबल नदी में फेंके
-सैनवाला के नजदीक नदी में फेंके गए हैं कई बंडल, 750 और 180 एमएल की बोतलों के हैं लेबल
आखिर क्यों नदी में हजारों की संख्या में फेंके गए हैं लेबल? उठ रहे हैं सवाल
-हाल ही में हिमाचल की इसी शराब फैक्टरी में राज्य कर एवं आबकारी विभाग की टीम ने दी थी दबिश
धर्म सिंह तोमर
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल और हरियाणा की दो कंपनियों के शराब की बोतलों पर लगाए जाने वाले हजारों लेबल नदी में फेंके गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में यह लेबल नदी में मिलने के बाद कई सवाल भी उठ रहे हैं। आखिर क्या वजह रही है कि इन लेबल को नदी में फेंकना पड़ा है। खैर, मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिरमौर के उपमंडल नाहन के सैनवाला के समीप नदी में बड़ी ढांक (कई मंजिला) से नीचे कई बंडल शराब, विस्की पर लगाए जाने वाले लेबल के फेंके गए हैं। इनमें दो कंपनियों के नाम अंकित हैं, एक कंपनी जिसका नाम अंकित है वह हिमाचल के कालाअंब में स्थित है, जबकि दूसरी कंपनी जिसका नाम अंकित है वह हरियाणा के पीपली, कुरूक्षेत्र में है।
मौके पर दो तरह की बोतलों में लगाए जाने वाले लेबल शामिल हैं। बड़े लेबल पर 750 एमएल तथा छोटे लेबल पर 180 एमएल अंकित है। इसके अलावा एक कंपनी का एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर व कस्टमर केयर नंबर भी इन लेबल पर अंकित किया गया है।
जानकारी के अनुसार कुछ लेबल तो बारिश के चलते नदी में जल स्तर बढ़ने से बह भी गए हैं, लेकिन कई बंडल अभी भी मौके पर मौजूद हैं, जिनकी यदि गिनती की जाए तो यह हजारों में होंगे। उधर, ग्रामीण व पर्यावरणविद भी इसको लेकर सवाल उठा रहे हैं। हजारों की संख्या में लेबल फेंके जाने से नदी में गंदगी को बढ़ावा दिया गया है।
.............बॉक्स.............
कालाअंब की शराब कंपनी में दी थी दबिश, मिली थी भारी अनियमितताएं
राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने मई महीने में कालाअंब में बंद पड़ी शराब की कंपनी में दबिश देकर अवैध रूप से तैयार की जा रही शराब का भांडा फोड़ किया था। जो लेबल नदी में मिले भी हैं उनमें इसी कंपनी का नाम छपा है। ऐसे में अब मामले की गंभीरता और अधिक बढ़ जाती है, क्योंकि मई में दबिश के दौरान टीम को भारी मात्रा में शराब की पेटियां, लाखों लेबल और ढक्कन बरामद हुए थे, जिन्हें सीज किया गया था।
इसके अलावा 4500 बल्क लीटर अतिरिक्त एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (इएनए) भी बरामद हुआ था। इस मामले में कंपनी के कई अधिकारी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि कुछ जमानत पर हैं।
-सैनवाला के समीप नदी में शराब के लेबल मिलने का मामला संज्ञान में आया है। मौके पर पुलिस टीम को भेज दिया गया है। पुलिस जांच कर रही है कि यह लेबल कहां से आए थे और किसने इन्हें यहां फेंका है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई होगी।
-एनएस नेगी, पुलिस अधीक्षक सिरमौर
...........संवाद
सैनवाला के समीप नदी में फेंके गए शराब की बोतलों पर लगने वाले लेबल के बंडल। संवाद
सैनवाला के समीप नदी में फेंके गए शराब की बोतलों पर लगने वाले लेबल के बंडल। संवाद