संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। क्षेत्र में एकाएक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी का एहसास होने लगा है। रविवार को कालाअंब में दिन का तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि शाम होते-होते तापमान में हल्की गिरावट आई। दिन के समय तेज धूप और गर्मी के कारण घरों और दुकानों में पंखे चलने लगे हैं। आमतौर पर यह स्थिति मध्य अप्रैल के बाद देखने को मिलती है, लेकिन इस बार मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्मी ने दस्तक दे दी है।
मौसम में आए इस बदलाव के चलते लोगों को स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसे शुष्क और परिवर्तनशील मौसम में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। कालाअंब के चिकित्सक डॉ. अजय वर्मा ने बताया कि बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार, एलर्जी, डिहाइड्रेशन और गले के संक्रमण जैसी बीमारियों का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में लोगों को अपनी सेहत के प्रति विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। इसके लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन, तेज धूप में निकलते समय सिर को ढकना और हल्के सूती कपड़े पहनने चाहिए। इसके अलावा बासी या खुले में रखे खाद्य पदार्थों से परहेज करना चाहिए।
गले में खराश, बुखार या कमजोरी महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें। साफ-सफाई और संतुलित आहार का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने बताया कि मौसम के इस बदलाव के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने की जरूरत है।
संवाद