मोटर और ट्रांसफार्मर खराब होने से ठप थी सप्लाई, मेले में श्रद्धालुओं को टैंकरों से पहुंचाया जा रहा था पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। त्रिलोकपुर में पांच दिनों से बना पेयजल संकट मंगलवार को समाप्त हो गया। जलशक्ति विभाग ने तकनीकी खराबी दूर कर पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी है। इससे स्थानीय लोगों के साथ मंदिर में माथा टेकने पहुंच रहे श्रद्धालुओं ने भी राहत की सांस ली है।
पेयजल योजना की मोटर जलने के बाद आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसी बीच ट्रांसफार्मर खराब होने से समस्या और गंभीर हो गई। लगातार पांच दिनों तक पानी की सप्लाई ठप रहने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, मेले में पहुंच रहे श्रद्धालुओं की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध करवाया जा रहा था।
जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता रोशन कुमार ने बताया कि पेयजल योजना में आई तकनीकी खराबी को दूर कर मंगलवार को आपूर्ति सुचारु कर दी गई है। उधर, ग्राम पंचायत त्रिलोकपुर के प्रधान सुरेंद्र कुमार, पूर्व प्रधान लाल सिंह, रणविजय राणा और सचिन शर्मा ने आपूर्ति बहाल करने पर विभाग का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पांच दिनों तक पेयजल आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को दूरदराज के क्षेत्रों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा था। अब नियमित आपूर्ति बहाल होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।