बावड़ियों और खड्ड के पानी से ग्रामीण बुझा रहे प्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
कफोटा( सिरमौर)। जलशक्ति विभाग उपमंडल कफोटा के अधीन दूरदराज क्षेत्र की टिटियाना पंचायत में पिछले तीन दिन से पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई है। इसके चलते गांव के लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लोग दूर दराज के खड्ड और बावड़ी से पानी लाकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं।
जलशक्ति विभाग ने खनियार खड्ड से इस गांव के लिए उठाऊ पेयजल योजना बनाई है। इससे पंचायत के 300 परिवारों को पानी की आपूर्ति दी जा रही है। एक सप्ताह पहले इस योजना की मोटर में तकनीकी खराबी आने के बाद पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। इसके चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय निवासी माया राम, रमेश शर्मा, आत्मा राम, कमलेश, कल्याण सिंह, रतन सिंह, गंगा राम, रघुबीर सिंह ने बताया कि विभाग को अवगत करवाने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
जलशक्ति विभाग कफोटा उपमंडल के सहायक अभियंता रविंद्र शर्मा ने बताया कि इस गांव को बनी उठाऊ पेयजल योजना की मोटर शॉर्ट सर्किट से जल गई है। इसकी मरम्मत करवाई जा रही है। लोगों को जल्द पेयजल आपूर्ति करवाई जाएगी। संवाद