रामपुर में शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर बनी पानी की टंकी पर चढा विक्षिप्त व्यक्ति।
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद के अंतर्गत आने वाली बनी बखौली पंचायत के गांव टाठा में पानी का संकट गया है। लगभग सात महीने से गांव के लोगों को नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही। इससे ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। ग्रामीणों ने पंचायत की सभा में प्रस्ताव पारित कर विभाग से पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लिए बनीं पाइप लाइन के तहत कलोह प्राथमिक पाठशाला और कलोह गांव को भी पानी दिया जा रहा था, लेकिन इन्हें भी नियमित पानी नहीं मिल रहा है। स्कूल में बच्चों के लिए पानी बावड़ी से लाया जा रहा है।
ग्रामीण बलवीर सिंह समेत सभी ने ग्राम सभा में बताया कि विभाग द्वारा जब यह पाइप बिछाई गई थी तो उस समय उन्हें पानी जरूर दिया गया लेकिन पिछले सात महीने में एक भी बूंद पानी की नहीं आई। उन्होंने बताया कि एक किलोमीटर दूर बावड़ी से उन्हें पानी लाना पड़ रहा है जिससे उनका आधा दिन पानी ढोने में ही निकल जाता है। उन्होंने बताया कि उठाऊ पेयजल योजना थान का डाबर से उन्हें जोड़ा गया था। कलोह स्कूल और टाठा गांव के लिए विभाग द्वारा डाबरी गांव में स्टोर टैंक बनाया गया था जहां से उन्हें पानी की सप्लाई दी जाती थी लेकिन कुछ वर्षों से बिल्कुल भी पानी नहीं आ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द विभाग कलोह स्कूल और गांव टाठा के लिए पानी मुहैया करवाए। उन्होंने यह भी बताया कि इस बारे में वह विभाग को कई बार लिखित में भी दे चुके हैं।
उधर, पंचायत प्रधान संतोष कुमारी ने बताया कि लोगों की मांग आई है और उनकी यह मांग सही भी है। उधर, आईपीएच के एसडीओ अवनीश शर्मा ने बताया कि इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। ----