फूलपुर पंचायत के तीन गांवों में पेयजल किल्लत, ग्रामीण परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
धौलाकुआं/नाहन (सिरमौर)। फूलपुर पंचायत में पिछले कुछ दिनों से ग्रामीणों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि समस्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है।
यहां पर पीने के पानी की आपूर्ति के लिए जलशक्ति विभाग ने गिरि नदी से दो बड़ी पेयजल योजना का निर्माण दशकों पहले करवाया था। शुरू के सालों में यहां पर्याप्त पानी मिल रहा था लेकिन बढ़ती आबादी के चलते साल दर साल घर-घर पानी के कनेक्शन वितरण करने के बाद समस्या बढ़ती गई। गिरि नदी से नंबर एक और नंबर दो योजना से यहां बागरण, फूल पुर और काहनू वाला में इन दिनों सैकड़ों परिवारों को पीने के पानी को लेकर समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि योजनाओं से पानी बड़े टैंक में स्टोर होकर वितरित किया जा रहा है। योजना से जुड़े शुरू के परिवारों ने अपने घरों में टुल्लू पंप लगा कर पानी वितरण की समस्या बढ़ा दी है। इस कारण अंतिम छोर पर बसे सैकड़ों परिवार पीने के पानी को लेकर इधर भटक रहे हैं।
यहां की पंचायत प्रधान तारो देवी ने बताया कि इस समस्या को लेकर विभाग को बताया है। जांच में पता चला है कि योजना का लेवल नीचे चला गया है जिससे योजना से कम मात्रा में ही पानी मिल रहा है।
उधर, विभाग के सहायक अभियंता देवानंद पुंडीर ने बताया कि टुल्लू पम्प लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वाटर लेवल कम होने से भी पानी में कमी आई है।