देहरादून-पांवटा एनएच-72 मार्ग पर मोगीनंद के समीप पेयजल लाइन की पाइप से लीकेज हो रही है। पिछले 5 दिनों से हजारों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है जिससे एनएच सड़क को भी क्षति पहुंच रही है। पांवटा कॉलेज की तरफ निकलने वाले मार्ग का ये स्थल हादसों के लिए पहले ही संवेदनशील है।
पांवटा निवासी हर्ष बतरा, वेद प्रकाश, मुकेश कुमार, कपिल चौहान का कहना है कि एनएच पर पानी बहने लगा है। पिछले पांच दिनों से समस्या बढ़ती ही जा रही है। पेयजल पाइप लाइन लीकेज से पानी सड़क पर बह रहा है। कॉलेज जाने वाले संपर्क मार्ग मोगीनंद में होटल पांवटा वैली के समीप सड़क के नीचे दबी पेयजल आपूर्ति पाइप से लीकेज है।
पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से, निरंतर पानी का रिसाव होता जा रहा है। रोज सुबह व शाम के समय पानी छोड़ा जाता है। इस दौरान सैकड़ों लीटर पेयजल सड़क पर व्यर्थ बहता जा है। इस लीकेज से सड़क पर खड्डे व किनारे पर पानी भर जाता है। विभाग इस समस्या की तरफ ध्यान ही नहीं दे रहा है। तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही से राहगीरों पर पानी गिर जाता है।
उधर, आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता पांवटा नरेश धीमान ने कहा कि ऐसी सूचना मिली है। देहरादून पांवटा एनएच पर मोगीनंद के पास क्षतिग्रस्त पाइप लाइन ठीक करवा दी जाएगी।