फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर की पचास हजार आबादी को जलसंकट

Sat, 10 Dec 2016 11:23 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/नाहन
विज्ञापन
Water Tap
विज्ञापन
शहर की करीब 50 हजार की आबादी के लिए पेयजल संकट खड़ा हो गया है। हालत यह है कि कहीं तीन तो कहीं चार दिन से लोगों को पर्याप्त पानी नसीब नहीं हो रहा है। लोग अब हैंडपंपों के पानी पर निर्भर हो गए हैं। लोगों को कपड़े धोना और नहाना तो दूर, पीने के लिए भी पानी को भटकना पड़ रहा है।
विज्ञापन


लोगों को अपनी जेब ढीली कर टैंकरों के माध्यम से पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है। शहर के रानीताल, नया बाजार, शिमला रोड, गोविंदगढ़ मोहल्ला, कच्चा टैंक, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और मालरोड आदि हिस्सों में लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। बताया जा रहा है कि बोगरिया घाट के पास खैरी पेयजल योजना की पाइप लाइन फटने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। पांच दिन पहले बोगरिया घाट के पास पाइप फट गई थी, जिस कारण पानी की आपूर्ति बाधित रही। इस पाइप को दुरुस्त करते ही अगले दिन फिर से पाइप लाइन फट गई, जिससे पानी स्टोर नहीं हो सका और शहर में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। पाइप लाइन फटने के साथ बिजली बोर्ड के कट भी पानी की सुचारु आपूर्ति में रोड़ा बने हुए हैं।

जरूरत 70 की, मिलता है 35 लाख लीटर पानी
पचास हजार की आबादी वाले नाहन शहर को मात्र दो ही पेयजल योजनाओं से काम चलाना पड़ रहा है। दोनों पेयजल योजनाओं से 35 लाख लीटर के करीब पानी की आपूर्ति की जाती है। 1990 के दशक में बनी खैरी पेयजल योजना शहर को 28-30 लाख लीटर प्रतिदिन पानी की आपूर्ति करती है। जबकि, रियासत कालीन नेहरस्वार प्रवाह पेयजल योजना से नाहन को सिर्फ 8 लाख लीटर पानी मिलता है। वर्तमान में शहर में पानी की मांग 70 लाख लीटर प्रतिदिन है। तीन साल बाद भी शहर के लिए तीसरी पेयजल योजना नहीं बन पाई है।
विज्ञापन


विभागीय कर्मियों की मुश्किलें भी कम नहीं
पेयजल पाइपों में जंग लगी पुरानी पाइपें बार-बार फटने से विभाग की मुश्किलें बढ़ रही हैं। विभाग में कर्मचारियों के अधिकतर पद रिक्त हैं। एक-एक कर्मी कई-कई कर्मियों का कार्य अकेले देख रहा है। जब भी कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उस दौरान दिन हो या रात, स्थानीय एसडीओ और जेई स्तर के अधिकारी अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर डटे रहते हैं। ऐसे में आमजन के साथ-साथ विभाग के अधिकारियों को भी भारी परेशानी से जूझना पड़ रहा है।

विधायक बिंदल ने कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
पानी की आपूर्ति बार-बार बाधित होने पर विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने आईपीएच विभाग के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिख अपनी नाराजगी जताई है। डॉ. बिंदल ने कहा कि खैरी पेयजल योजना की पाइप लाइन बदलने को विधायक प्राथमिकता में डाला था। इस कार्य को समय पर पूरा नहीं किया जा रहा है। इससे बार-बार पाइप फटने की समस्या उत्पन्न हो रही है और लोगों को पानी की दिक्कत से जूझना पड़ रहा है। विधायक ने कहा कि जल्द ही पेयजल समस्या का समाधान किया जाए अन्यथा लंबा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

पाइप लाइन दुरुस्त, पानी की आपूर्ति शुरू
आईपीएच विभाग के एक्सईएन राजेश मोगरा ने बताया कि बोगरियाघाट के समीप पाइप लाइन फटने से पानी की आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे दुरुस्त कर लिया गया है। शनिवार को विद्युत आपूर्ति ठप होने से पानी स्टोर करने में दिक्कत हुई। शहर में पानी की आपूर्ति की जाने लगी है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें