पेयजल समस्या को लेकर कांग्रेसियों के साथ लोगों ने प्रदर्शन किया
नाहन(सिरमौर)। कोटीधीमान पंचायत के ग्रामीणों ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला खदराड़ी में पानी की आपूर्ति करने की मांग की है। अपनी मांग को लेकर क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल आईपीएच विभाग नाहन के अधीक्षण अभियंता से मिला और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल एसएमसी अध्यक्ष, ग्राम पंचायत प्रधान, गोपाल शर्मा, सुरेश कुमार, तुलसीराम, नारदा देवी, मानसिंह, नैन सिंह, लक्ष्मी देवी, चंद्रकला देवी, दीपो देवी, कौशल्या व गंगा राम आदि ने आईपीएच अधिकारी को बताया कि राप्रापा खदराड़ी में एक साल से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। इस कारण स्कूली बच्चों को भारी पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जिस पाइप लाइन से पाठशाला को पानी की सप्लाई होती है वो पांच साल पुरानी है। पानी भरपूर होने के बावजूद भी ये हमेशा बाधित रहती है। पिछले एक साल से उक्त पाइप लाइन बाधित है।
ग्रामीणों ने आईपीएच अधिकारी को बताया कि उन्होंने ददाहू के कर्मचारियों को कई बार अवगत करवाया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने आईपीएच अधिकारी से मांग की कि स्कूल में शीघ्र पेयजल उपलब्ध करवाया जाए ताकि स्कूली बच्चों को पानी की समस्या से दो-चार नहीं रहना पड़े। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि मामले में उचित कार्रवाई की जा रही है।