संगड़ाह (सिरमौर)। पेयजल समस्या को लेकर भवाई पंचायत के खड़कालधार गांव के ग्रामीण आईपीएच विभाग के उपमंडल कार्यालय हरिपुरधार पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने एसडीओ को बताया कि उनके गांव में 4 माह से पानी की एक बूंद तक नहीं टपकी है। इसके अलावा वहां तैनात लाइनमैन 4 माह से अपनी ड्यूटी पर से गायब है।
स्थानीय ग्रामीण सुरत सिंह, यशपाल, दिनेश व सिंगा आदि ने बताया कि उनके गांव में पिछले 4 महीने से पीने का पानी नहीं आ रहा है। इसके कारण उन्हें डेढ़ किमी दूर से पीठ पर ढोकर पानी लाना पड़ रहा है। पशुओं के लिए भी पीने का पानी पीठ पर ढो कर लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस लाइन में कार्यरत लाइनमैन से शिकायत करने की कोशिश पिछले 4 महीने से कर रहे हैं मगर ड्यूटी से नदारद रहने के कारण उससे कोई संपर्क नहीं हो रहा है। मजबूरन उन्हें शिकायत करने के लिए आईपीएच विभाग के उपमंडल कार्यालय में पहुंचना पड़ा। ग्रामीणों ने एसडीओ को बताया कि खड़कालघार के कुछ घरों के लिए अभी तक पाइप लाइन नहीं बिछी है। आईपीएच विभाग के उपमंडल हरिपुरधार में कार्यरत एसडीओ एचसी चेंची ने बताया कि खड़काल गांव का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को उनसे मिला था। उन्होंने बताया कि खड़काल गांव में दो दिनों के भीतर ही पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।