एक माह से नहीं हो पा रही लोगों को पेयजल की आपूर्ति
विभाग को बार-बार सूचित करने के बाद भी नहीं हो पाई आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
कफोटा (सिरमौर)। जिला सिरमौर की शावगा पंचायत के जुइनल गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। बीते एक महीने से पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण कई मर्तबा विभाग को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
दरअसल, जलशक्ति विभाग ने कांडो जुइनल और माटला गांव के लिए बोहल के समीप एक खड्ड से प्रवाह पेयजल योजना जोड़ रखी है, जिसमें बारह महीने भरपूर पानी रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ महीनों से इन गांवों में सिंचाई के लिए कुछ लोग विभाग की अनुमति के बगैर मुख्य लाइन से कनेक्शन जोड़ रहे हैं।
इसके चलते लाइन से जुड़े अंतिम गांव जुइनल में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। गामीणों का कहना है कि इस बारे में कई बार विभाग को सूचित किया गया है। समस्या का समाधान न होने के चलते उन्हें खड्ड से पानी ढोना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी मवेशियों के लिए पानी उपलब्ध करवाने को लेकर हो रही है।
स्थानीय निवासी रंगी लाल, सोम चंद, ओम प्रकाश, रतन सिंह, लाल सिंह, संतराम ने बताया कि उनका आधा दिन पानी ढोने में ही बीत जाता है। इसके चलते दूसरे काम प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो वह विभाग के कफोटा कार्यालय के घेराव से भी पीछे नहीं हटेंगे।
जलशक्ति विभाग उपमंडल कफोटा के सहायक अभियंता एसके शर्मा ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों को पानी सप्लाई ठीक करने गांव भेजा जा रहा है। गांव में जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू होगी।
संवाद