नाहन(सिरमौर)। नाहन में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। पानी की किल्लत से गुस्साए लोगों ने शनिवार देर शाम गुन्नुघाट पुलिस चौकी के समीप सड़क पर जाम लगा दिया। भाजपा पार्षद शुभम सैनी की अगुवाई में लगभग 20 मिनट तक सड़क जाम की गई। इस वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
पार्षद शुभम सैनी का कहना है कि रानीताल मोहल्ले में पिछले एक सप्ताह से पानी की एक बूंद भी नलकों में नहीं आई है। लोगों को मजबूरन पीने के लिए पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। पानी के टैंकर सप्लाई करने वाले ठेकेदार भी जम कर लोगों को लूट रहे हैं। नाहन शहर में 1000 से 1200 रुपये प्रति टैंकर दिया जा रहा है। प्रशासन की ओर से मौके पर पहुंचे एडीएम सिरमौर हरबंस नेगी के समझाने पर पार्षद ने जाम खोला।
एडीएम ने लोगों को आश्वासन दिया कि रविवार को पानी दे दिया जाएगा। सोमवार से सभी वार्डों में समय निर्धारित कर पानी आवंटित किया जाएगा। पार्षद ने एडीएम को बताया कि आईपीएच विभाग को बार-बार पानी की समस्या के बारे में अवगत करवाया जा रहा है। फिर भी विभाग पानी की समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। नाहन में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। आईपीएच विभाग तमाशबीन बना हुआ है। सैनी ने कहा कि अगर प्रशासन ने जल्द पानी की समस्या का हल नहीं निकाला, तो भाजपा विभाग व प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी।
---