ददाहू (सिरमौर)। जिला में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं के मद्देनजर सभी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है जिससे की दुर्घटनाओं व अन्य अप्रिय घटनाओं के दौरान मुश्किल हालात से आसानी से निटपा जा सके।
जिला सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने रविवार दोपहर को सिविल अस्पताल ददाहू का औचक निरीक्षण करने के दौरान यह बात कही। इस दौरान उन्होंने ददाहू अस्पताल की इमरजेंसी सेवाओं का जायजा भी लिया।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में दुर्घटनाएं होने पर किसी भी दवा या वस्तु को बाहर बाजार से न मंगवाया जाए तथा एक ही कमरे में यह सारी सुविधाएं व वस्तुएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने अप्रिय घटनाओं के दौरान मुस्तैदी से निपटने के लिए आरआर टीम का गठन करने के निर्देश दिए जिससे की टीम के सहयोग के चलते घायलों व अन्य जरूरतमंदों का उचित उपचार किया जा सके।
उन्होंने ददाहू अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड को तुरंत शिफ्ट करने के आदेश दिए तथा कम से कम चार बिस्तरों वाले कक्ष को इमरजेंसी वार्ड बनाने को कहा जिससे की दुघर्टनाओं की स्थिति में एक साथ कई रोगियों का उपचार किया जा सके। उन्होंने कहा कि ददाहू अस्पताल में ब्लड प्रेशर व बुखार की जांच भी चिकित्सक के कमरे में ही होगी जिससे रोगियों को तमाम सुविधाएं एक ही कमरे में मिल सकें तथा उनको भटकना न पड़े। इस दौरान उन्होंने रोगियों से भी अस्पताल की सुविधाओं के बारे में पूछताछ की।
इस मौके पर अस्पताल की प्रभारी डॉ. श्यामा नेगी, डॉ. रोहित कपूर व किरण सिस्टर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।