मेडिकल कॉलेज के नर्सिंग स्कूल में वार्ड सिस्टर के प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ पर प्रशिक्षु
वार्ड सिस्टर सीखेंगी प्रशासनिक दक्षता
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन के नर्सिंग स्कूल में वार्ड एडमिनिस्ट्रेशन इन-सर्विस कार्ड सिस्टर कोर्स के द्वितीय बैच का शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 जून तक चलेगा। इसमें 14 वार्ड सिस्टर भाग ले रही हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन नर्सिंग स्कूल की प्रधानाचार्य रेखा डोगरा ने किया।
रेखा डोगरा ने कहा कि यह प्रशिक्षण प्रतिभागियों के व्यावसायिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि एक कुशल वार्ड सिस्टर के लिए प्रशासनिक क्षमता, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली अत्यंत आवश्यक हैं। इस प्रशिक्षण से इन सभी पहलुओं को सुदृढ़ करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकेंगी।
उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ सीखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की भूमिका बेहद अहम होती है। कार्यक्रम में नर्सिंग छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इस अवसर पर नीति शर्मा, किरण, शिक्षा, उषा रानी सहित अन्य स्टाफ सदस्य और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।