नर्सिंग स्कूल नाहन में शुरू हुआ वार्ड एडमिनिस्ट्रेशन कोर्स
स्टाफ नर्सों को पदोन्नति कोर्स के लिए नहीं जाना पड़ेगा शिमला और टांडा मेडिकल काॅलेज
विधायक अजय सोलंकी ने किया तीन महीने के इस कोर्स का विधिवत शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर की स्टाफ नर्सों को पदोन्नति (प्रमोशन) के लिए किए जाने वाले वार्ड एडमिनिस्ट्रेशन कोर्स के लिए आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल काॅलेज में नहीं जाना पड़ेगा। विधायक अजय सोलंकी ने मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल के तहत नर्सिंग स्कूल में आयोजित होने वाले तीन महीने के उक्त कोर्स का सोमवार को विधिवत शुभारंभ कर दिया है। कोर्स के यहां शुभारंभ होने से जिलाभर में स्टाफ नर्सों में खुशी का माहौल है।
इस दौरान आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का इसके लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दुरदर्शी सोच के चलते लोगों को लाभ मिल रहा है और बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि स्टाफ नर्स से मैट्रन की पदोन्नति के लिए नर्सों को तीन महीने का वार्ड एडमिनिस्ट्रेशन कोर्स करना अनिवार्य रहता है। इससे पहले उक्त कोर्स के लिए जिला सिरमौर की नर्सों को आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल काॅलेज आदि में जाना पड़ता था जिससे कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ता था लेकिन अब उक्त कोर्स नर्सिंग स्कूल नाहन में शुरू हो गया है। इससे जिलेभर की नर्सों को लाभ मिलेगा। उन्होंने इसके लिए सभी को बधाई भी दी।
इस अवसर पर मेडिकल काॅलेज नाहन की कार्यवाहक प्रधानाचार्य डाॅ. संगीत ढि़लो, संयुक्त निदेशक कपिल तोमर, चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. अमिताभ जैन ने विधायक अजय सोलंकी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उक्त कोर्स शुरू हो जाने के बाद निश्चित तौर पर यहां नर्सों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर नर्सिंग एसोसिएशन सहित अन्य स्टाफ के प्रतिनिधिमंडल भी विधायक अजय सोलंकी से मिले और उन्हें विभिन्न समस्याओं के बारे में अवगत करवाते हुए जल्द समाधान की गुहार लगाई।