विकास खंड पांवटा साहिब की ग्राम पंचायत पातलियो में मंगलवार को पंचायतीराज प्रथम चरण के चुनाव में
जिले में सबसे कम मतदान पांवटा साहिब ब्लॉक में 57.91 फीसदी दर्ज हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश में आज पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण का मतदान हुआ। सिरमौर जिला में भी पहले फेस में 94 पंचायतों में पोलिंग हुई। पांवटा साहिब में भीषण गर्मी का असर मतदान प्रतिशत में साफ झलका है। सबसे कम मतदान पांवटा साहिब में 57.91 फीसदी दर्ज हुआ। वहीं, सबसे अधिक मत प्रतिशतता कमरऊ स्थित तिलोरधार ब्लाॅक में 83.16 प्रतिशत रहा।
जिला सिरमौर में पंचायतीराज के चुनाव के तहत पांवटा ब्लॉक की 17 पंचायत में हुए प्रथम चरण पर भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप का असर साफ नजर आया। पांवटा साहिब ब्लॉक में केवल 57.91 फीसदी ही दर्ज हुआ। 42 डिग्री सेल्सियस तापमान और लू के थपेड़ों का मतदान प्रतिशत पर स्पष्ट रूप से देखने को मिला है।
पारा लगातार ऊपर चढ़ने से दोपहर के समय मतदान केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि, सुबह के समय बुजुर्गों और युवाओं ने भारी उत्साह दिखाया। अधिकतर मतदाताओं ने सुबह सात से दस बजे तक जल्दी मतदान करने को प्राथमिकता दी। पांवटा साहिब में मतदान प्रतिशत पर गर्मी का प्रभाव दोपहर के बाद मतदान में सुस्ती नजर आई। चिलचिलाती धूप और चटक गर्मी के कारण सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई। भारी गर्मी के चलते पंचायतीराज चुनाव के लिए कम ही मतदाता लाइन में खड़े नजर आए।