जिले के अन्य मतदान केंद्रों पर 36 घंटे से अधिक समय तक चलता रहा गिनती का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों की मतगणना जहां जिले के कई केंद्रों पर 36 घंटे से अधिक समय तक चलती रही, वहीं राजगढ़ में स्थानीय प्रशासन और मतगणना में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यकुशलता का परिचय देते हुए 12 घंटे से भी कम समय में मतगणना प्रक्रिया पूरी कर ली। राजगढ़ में मतगणना का कार्य 31 मई को सुबह नौ बजे आरंभ हुआ और शाम नौ बजे से पहले सभी परिणाम घोषित कर दिए गए।
इस दौरान 13 पंचायत समिति सदस्यों और दो जिला परिषद सदस्यों के मतों की गणना सफलतापूर्वक संपन्न की गई। हालांकि शुरुआती चरण में दोपहर तीन बजे तक कोई परिणाम घोषित नहीं होने से उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में उत्सुकता के साथ-साथ चिंता भी बनी रही। इसके बाद तीन बजे के आसपास पंचायत समिति सदस्यों के परिणाम आने शुरू हुए और शाम करीब छह बजे तक सभी 13 पंचायत समिति सीटों के नतीजे घोषित कर दिए गए। इसके उपरांत अगले लगभग तीन घंटों में दोनों जिला परिषद सीटों के परिणाम भी जारी कर दिए गए।
जिले के अन्य उपमंडलों और तहसील मुख्यालयों में जहां मतगणना के दिन देर रात तक पंचायत समिति के सभी परिणाम भी घोषित नहीं हो पाए थे। वहीं, राजगढ़ में पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय पर हुई।
एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने मतगणना कार्य के सफल और त्वरित संचालन का श्रेय मतगणना में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य किया। इसके चलते मतगणना प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई। संवाद